भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 24 हो गई है। लगभग 50 और शवों के कीचड़ में दबे होने की आशंका है। केरल में कल कोविड-19 के 1251 नए मामलों की पुष्टि हुई, जिनमें से 1061 संपर्क केस और 73 अज्ञात स्रोतों से थे। फिलहाल राज्य में 12,411 मरीजों का इलाज चल रहा है और 1,49,684 लोग अलग-अलग जिलों में निगरानी में हैं।
तमिलनाडु- पुडुचेरी में 268 नए मामलों के साथ ही कोविड-19 के केस 5000 के आंकड़े को पार कर गए। मृतकों की संख्या 80 हो गई है। केंद्र शासित प्रदेश में कुल संख्या अब 5067 है, जबकि सक्रिय मामले 1953 और मृतकों का आंकड़ा 80 है। लॉकडाउन अवधि में ज्यादा छूट देते हुए राज्य ने 10 अगस्त से नगर निगम क्षेत्रों के भीतर छोटे पूजास्थलों में सार्वजनिक पूजा की अनुमति दी है। राज्य सरकार ने कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए 500 एंबुलेंस खरीदने के लिए 103 करोड़ रुपये अलग रखे हैं। कल 5880 नए केस आए, 6488 लोग ठीक हुए और 119 मौतें दर्ज हुईं। कुल मामले-2,85,024 सक्रिय मामले- 52,759 मौतें- 4690 और चेन्नई में सक्रिय केस 11,606 हैं।
कर्नाटक- सीएम बीएस येदियुरप्पा ने टेलिफोन पर मुख्य सचिव से बात की और राज्य में बाढ़ के हालात का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्य सचिव उनकी स्वीकृति की प्रतीक्षा किए बिना आपातकालीन उपायों के साथ आगे बढ़ सकते हैं। पुलिसकर्मियों में कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर, बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर ने ड्यूटी के दौरान पुलिस के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश संशोधित किए है और अगर उनमें लक्षण नहीं हैं तो उन्हें 14 दिनों तक घर में क्वारंटाइन (पृथकवास) में रहना होगा। कल 6670 नए केस, 3951 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और 101 लोगों की मौत हो गई। कुल मामले 1,64,924, सक्रिय मामले 77,686, मौतें 2998 और 84,232 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
आंध्र प्रदेश- राज्य सरकार ने तय किया है कि बुखार, सांस फूलने और ऑक्सीजन के स्तर में कमी से पीड़ित लोग कोविड-19 परीक्षण के बाद अस्पताल में भर्ती होंगे क्योंकि परीक्षण के नतीजे आने के इंतजार में उनके इलाज में देरी होगी। नेल्लोर शहर में लॉकडाउन 23 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। शहर में दुकानों को सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक ही खोलने की अनुमति दी जाएगी। प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सरकार ऑक्सीजन की आपूर्ति के साथ 5-10 बेड की व्यवस्था करेगी। प्रकाशम जिला प्रशासन कोरोना वायरस महामारी के मामलों के लगातार बढ़ने के मद्देनजर जिला मुख्यालय में संपूर्ण लॉकडाउन लागू करने की तैयारी कर रहा है। 10,171 नए केस, 7594 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई और कल 89 मौतें हुईं। कुल मामले 2,06,960, सक्रिय मामले 84,654 और 1842 मौतें हुईं।
तेलंगाना- लक्षण न दिखने वाले कोरोना वायरस के मरीज अब तेलंगाना के लिए बड़ी चिंता का सबब बन गए हैं। हालांकि यह अच्छा संकेत हैं कि ज्यादातर लक्षण न दिखाई देने वाले मरीजों के ठीक होने की दर ज्यादा है, लेकिन बड़ी आबादी में वायरस का तेजी से प्रसार अधिकारियों को चिंतित कर रहा है। हैदराबाद में कोविड-19 की रफ्तार मंद पड़ी है, दूसरे जिलों में केस बढ़े हैं। तेलंगाना में 2256 और केस मिले हैं। बीते 24 घंटों में 1091 लोग ठीक हुए हैं और 14 लोगों की मौत हुई है। 2256 केस में से 464 मामले जीएचएमसी से आए हैं। कुल मामले 77,513, सक्रिय मामले 22,568, मौतें 615 और 54,330 लोग ठीक हो चुके हैं।
महाराष्ट्र- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री उद्धव ठाकरे ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उन अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें जो इलाज के लिए ज्यादा पैसे ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रकोप के मद्देनजर बिस्तरों और एंबुलेंस का बेहतर प्रबंधन करने को भी कहा। महाराष्ट्र में शुक्रवार को 10,906 मामले बढ़े जिसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 4,90,262 हो गए। सक्रिय मामले 1,45,582 हैं।
गुजरात- अहमदाबाद और सूरत 4 राज्यों के उन 16 जिलों में शामिल हैं, जहां कोविड-19 मृत्यु दर राष्ट्रीय और संबंधित राज्य के औसत से अधिक है। केंद्र ने उन्हें प्रति दस लाख की आबादी पर टेस्ट बढ़ाने और एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है, जिससे किसी को मना न किया जा सके। अहमदाबाद और सूरत में अब तक क्रमश: 27,587 और 14,777 केस सामने आए हैं। गुजरात में कुल मामलों की संख्या 68,885 है।
राजस्थान- राज्य में शुक्रवार को 1,161 नए मरीजों के साथ ही कोविड-19 की टैली 50 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। सक्रिय मामले 13,195 हैं। इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 6,310 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
मध्य प्रदेश- राज्य में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 734 नए केस आए हैं और कुल मामले बढ़कर 37,298 हो गए हैं। इनमें से 27,621 लोग ठीक हो गए हैं। मृतकों की कुल संख्या 962 है।
छत्तीसगढ़- पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल के कोविड पॉजिटिव पाए जाने के दो दिन बाद विपक्ष के नेता श्री धर्मलाल कौशिक भी पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में शुक्रवार को 378 नए केस आए जबकि सक्रिय मामले 3,002 हैं।
पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य
click hereImage
click hereएमजी/एएम/एसके/एएस
(रिलीज़ आईडी: 1644542) आगंतुक पटल : 57